AA News
New Delhi
नई दिल्ली में 16 मार्च 2026 को इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में यूनाइटेड वे ऑफ दिल्ली ने एडवांस्ड माइक्रो डिवाइसेज (AMD) के CSR सहयोग से STEM शिक्षा पर एक राष्ट्रीय परामर्श का आयोजन किया, जिसमें कॉरपोरेट, शिक्षा जगत, सिविल सोसाइटी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर भारत में STEM और AI शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए साझा रोडमैप पर चर्चा की।
इस दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, अटल टिंकरिंग लैब्स और पीएम श्री स्कूल जैसी पहल के बावजूद ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण STEM शिक्षा की कमी, लैब सुविधाओं की अनुपलब्धता, शिक्षक प्रशिक्षण की कमी और उच्च शिक्षा में लैंगिक असंतुलन जैसे मुद्दों पर चिंता जताई गई। परामर्श में सरकारी स्कूलों में व्यावहारिक STEM मॉडल को बढ़ावा देने, पाठ्यक्रम में स्थिरता और रोजगारपरकता को शामिल करने, डिजिटल साक्षरता बढ़ाने और लड़कियों व वंचित समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
यूनाइटेड वे ऑफ दिल्ली के CEO डॉ. सुजीत रंजन ने कहा कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण STEM शिक्षा उपलब्ध कराना समय की जरूरत है, जबकि AMD इंडिया की कंट्री हेड जया जगदीश ने तकनीक आधारित शिक्षा को भविष्य की कार्यशक्ति के लिए जरूरी बताया। वहीं SCERT की निदेशक डॉ. रीता शर्मा ने शिक्षक क्षमता विकास, क्रिटिकल थिंकिंग और बहु-विषयक शिक्षा पर जोर देते हुए सभी हितधारकों के बीच सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम के अंत में सरकार, CSR संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों के बीच मजबूत साझेदारी पर बल देते हुए यह संकल्प लिया गया कि STEM शिक्षा को केवल रोजगार तक सीमित न रखकर नवाचार, समावेशिता और राष्ट्रीय विकास से जोड़ा जाए ताकि देश के किसी भी बच्चे को इस यात्रा में पीछे न रहना पड़े।







