AA News
Bakhtawarpur Delhi-110036
भगवती देवी पब्लिक स्कूल में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने गीत, कविता और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। वहीं मोबाइल की बढ़ती लत पर बच्चों ने नाटक के जरिए जागरूकता का संदेश दिया।
स्कूल परिसर में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीत, कविताओं और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र – छात्राओं ने मोबाइल फोन के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर एक खास थीम पर नाटक भी प्रस्तुत किया। नाटक के जरिए छात्रो ने अपने साथियों और अभिभावकों को मोबाइल की लत से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया। बच्चों ने संदेश दिया कि जरूरत से ज्यादा स्क्रीन टाइम पढ़ाई और रचनात्मक गतिविधियों से ध्यान भटका सकता है।

नाटक में दिखाया गया कि मोबाइल का अत्यधिक इस्तेमाल बच्चों के व्यवहार और दिनचर्या पर असर डाल सकता है। मोबाइल न मिलने पर कुछ बच्चों में जिद, चिड़चिड़ापन और तनाव जैसी समस्याएं देखने को मिल सकती हैं। वहीं लगातार स्क्रीन देखने से आंखों में सूखापन और जलन जैसी दिक्कतें भी हो सकती हैं।
बच्चों ने यह भी संदेश दिया कि देर रात तक मोबाइल चलाने से नींद की दिनचर्या प्रभावित हो सकती है। लगातार मोबाइल में व्यस्त रहने से बच्चों का बाहर खेलना और शारीरिक गतिविधियां कम हो सकती हैं। ऐसे में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए मोबाइल का संतुलित इस्तेमाल और खेल-कूद व रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना जरूरी है। समारोह में बच्चों की प्रस्तुतियों ने अभिभावकों और शिक्षकों का भी दिल जीत लिया। देशभक्ति के रंग में रंगे इस कार्यक्रम में मनोरंजन के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी देखने को मिला। भगवती देवी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने अपने अभिनय के जरिए साफ संदेश दिया—मोबाइल का इस्तेमाल जरूरत के मुताबिक करें और बचपन को मोबाइल की स्क्रीन से नहीं, बल्कि खेल, पढ़ाई और रचनात्मकता से जोड़ें।
देशभर में स्वतंत्रता दिवस का उत्साह नजर आ रहा है। सरकारी और निजी स्कूलों में भी विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए आजादी के पर्व को मनाया जा रहा है। बख्तावरपुर के भगवती देवी पब्लिक स्कूल का यह आयोजन भी देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता का संदेश देकर खास बन गया।






